देसही देवरिया। हेतिमपुर में छोटी गंडक नदी के तट पर बने पुराने जर्जर पुल की जगह अब नया पुल बनेगा। बुधवार को एक संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंच कर मौके का सर्वे किया। इसके लिए कुशीनगर जिले के संबंधित अधिकारियों को भी पत्र जारी कर उनसे आख्या मांगी है।
हेतिमपुर नगर पंचायत में छोटी गंडक नदी के तट पर अंग्रेजों का बनवाया पुल है। वह पूरी तरह जर्जर हो चुका है। जुलाई माह में उसकी जांच कराकर विभाग ने सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही को पूर्ण रूप से बंद करा दिया था। इससे दोनों जिले के लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। इस पुल का पूर्वी किनारा कुशीनगर जिले में पड़ता है। दोनों कस्बों को सीधा जोड़ने के लिए यह महत्वपूर्ण पुल है। इसे बंद होने पर लोगों ने स्थानीय विधायक और कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने नया पुल बनाए जाने की मांग की थी। कृषि मंत्री की पहल पर बुधवार को सेतु निगम, बिजली विभाग, गंडक विभाग और वन विभाग की एक संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जर्जर पुल सहित मौके का स्थलीय निरीक्षण किया। हेतिमपुर नगर पंचायत अध्यक्ष और कुशीनगर को भी इस संबंध में पत्र भेजकर दोनों तरफ से नदी में गिराए जाने वाले नाले आदि के संबंध में अनुमानित लागत से जुड़ी आख्या मांगी गई।
कोट
हेतिमपुर गंडक नदी पर जर्जर पुल की जगह एक नए पुल के निर्माण का प्रस्ताव पास हुआ है। इस संबंध में स्थानीय स्तर पर रिपोर्ट मांगी गई है। भौतिक निरीक्षण कर लागत का आंकलन किया जा रहा है। स्वीकृति के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाना है।
-सुरेंद्र मोहन गुप्ता, अवर अभियंता, सेतु निगम, देवरिया
कोट
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही से पुल बनवाए जाने की मांग की गई थी। उन्होंने नए पुल का प्रस्ताव किया है।
-वीरेंद्र कुमार यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष, हेतिमपुर