- वार्ड में सात लोगों का चल रहा इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिले में चौबीस घंटे में डेंगू के चार नए संदिग्ध मरीज भर्ती किए गए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। उनके ब्लड का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर ही स्पष्ट हो सकेगा। इस समय वार्ड में सात मरीजों का इलाज चल रहा है। इसमें तीन पीड़ित हैं।
डेंगू को लेकर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। लोगों को जागरूक किया जा रहा है, लेकिन जिले में डेंगू के मरीज मिलने लगे हैं। इसमें गैर प्रांत से पीड़ित होकर आने वालों की संख्या अधिक है। लार क्षेत्र का एक युवक गुजरात प्रांत के अहमदाबाद में गया था, जहां पांच दिन पहले बुखार से पीड़ित हो गया। दवा लेने पर आराम नहीं मिला तो 25 अगस्त को गांव के लिए चला। 26 अगस्त को घर पहुंचा। परिजन उसे लेकर सोमवार की शाम मेडिकल कॉलेज पहुंचे, यहां भर्ती कर इलाज चल रहा है। जबकि खुखुंदू क्षेत्र का एक युवक भी एक माह से अहमदाबाद में था, जहां बुखार से पीड़ित हो गया। आराम नहीं मिलने पर सोमवार को घर आया। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। बैतालपुर क्षेत्र का युवक कोलकाता में रहा है। एक हफ्ता पहले बुखार से पीड़ित हो गया। दवा से आराम न मिलने पर रविवार को घर आ गया। सोमवार की शाम परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया। इसी तरह बरियारपुर क्षेत्र का युवक भी ढाई माह से कोलकाता में था, जहां 17 अगस्त को बुखार, शरीर, सिर दर्द से पीड़ित हो गया। इलाज कराने पर राहत नहीं मिली। इसके बाद 21 अगस्त को घर आ गया, यहां भी दवा लिया और जांच कराई। डॉक्टर ने उसे मेडिकल कॉलेज भेज दिया। सभी का डेंगू वार्ड में इलाज चल रहा है। ब्लड का नमूना जांच के लिए भेजा गया है। कुल नौ मरीज थे। इसमें स्वस्थ होने पर एक की छुट्टी हो गई, जबकि हालत में सुधार होने पर एक मरीज को मेडिसिन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया।