बरियारपुर। अहिलवार बुजुर्ग जूनियर हाईस्कूल के प्रांगण में एनएच 727ए देवरिया बाईपास से प्रभावित किसानों ने भाकियू के तत्वावधान में बैठक कर मांग पूरी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। बैठक की अध्यक्षता सेना से सेवानिवृत किसान काशी नाथ मिश्रा ने की।
पूर्वी उत्तर प्रदेश भाकियू उपाध्यक्ष विनय सिंह सैंथवार ने कहा कि आज जन जागरूकता अभियान के तहत अहिलवार बुजुर्ग, मुंडेरा बुजुर्ग, दुबौली, सुकरौली के प्रभावित किसान बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए हैं। यह भारतीय किसान यूनियन के चलाए जा रहे जन जागरूकता अभियान की देन है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य अरविंद सिंह ने सभी किसानों से कहा कि कोई भी किसान किसी भी प्रकार का अपना कोई भी कागज न अभी तैयार कराए और न ही जमा करे। अगर 70 प्रतिशत किसानों ने अपना कागज जमा कर दिया तो हम अपना हाथ खुद काट लेंगे।
अहिलवार बुजुर्ग के किसान सुग्रीव मिश्रा ने कहा कि जिला प्रशासन के लॉलीपॉप को अब हम सभी किसान समझ चुके हैं। एक साल पहले प्रशासन ने चार गुना मुआवजा देने की बात कही तब कही वन थर्ड की कटौती का जिक्र नहीं था। अब ग्रामीण क्षेत्र एवं नगरीय क्षेत्र के किसानों के चार गुना मुआवजा एवं दो गुना मुआवजा में वन थर्ड की कटौती की जा रही है, जो अब बर्दाश्त से बाहर है। इस दौरान जिला संयोजक सदानंद यादव, हरिकेश मौर्य, नीरज कुमार शुक्ला, काशी तिवारी, अशोक मिश्रा, जगजीत मिश्रा, विभूति नाथ मिश्रा, सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।