तरकुलवा। थाना क्षेत्र के सिरसिया पट्टी हुसैन गांव की एक विवाहिता को पति और ससुराल वालों ने दहेज के लिए मारपीट कर घर से निकाल दिया है। थाने पर पर उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उसने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज करने की मांग की है। लेकिन, एसपी से शिकायत के आठ दिन बाद भी पुलिस ससुरालियों पर कार्रवाई नहीं कर रही है।
सिरसिया पट्टी हुसैन गांव की विवाहिता नेहा देवी पत्नी संजय कुमार का मायका कोतवाली थाना क्षेत्र के भुजौली काॅलोनी में है। उसने 28 अगस्त को एसपी को प्रार्थना पत्र दिया है। कहा है कि 10 मार्च 2023 को उसकी शादी थाना क्षेत्र के सिरसिया पट्टी हुसैन गांव के संजय कुमार पुत्र महेंद्र गोंड के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई। आरोप है कि ससुराल जाने के कुछ दिन बाद से ही पति, सास, ससुर, देवर व जेठ दहेज में एक अपाची मोटर साइकिल, एसी, इनवर्टर तथा दो लाख रुपये नकदी की मांग करने लगे। विवाहिता ने कहा है कि उसने 12 अगस्त को थाने पर इसकी शिकायत कर कार्रवाई की मांग की, लेकिन थानाध्यक्ष ने कोई कार्रवाई नहीं की। थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि महिला एक बार थाने आई थी, उसके बाद नहीं आई। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।