मेहरौनाघाट। लार ब्लाक के ग्राम सभा चोरडीहा में सड़क की हालत बद से बत्तर हो गई है। ग्राम सभा की ओर से सड़क को खोद कर नाली का पानी बहने के लिए होम पाइप डाल दिया गया, लेकिन दो महीने बाद भी सड़क की स्थिति में कोई सुधार नहीं हो पा रहा है, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है।
लार ब्लॉक के चोरडीहा गांव में रामअवध के घर के सामने से उपेंद्र के घर तक ग्राम सभा की ओर से सड़क को तोड़कर उसमें नाली का पानी बहने के लिए होम पाइप डाला गया है। पाइप डालने के लिए सड़क को खोदा गया, लेकिन जिम्मेदारों ने सड़क के एक फिट ऊपर ही पाइप लगाकर छोड़ दिया गया, जिससे सड़क की स्थिति बद से बदतर हो गई है। खोदी गई सड़क के चलते क्षेत्रीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पाइप मानक के अनुरुप नहीं पड़ने ने उसमें का पानी टूटी हुई सड़क पर बह रहा है, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप है कि सड़क को सही कराने के लिए कई बार प्रधान के पास गए, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। दो महीने पहले खोदी गई सड़क को अब तक जिम्मेदार सही नहीं कर पाए।
गांव के उपेंद्र कुमार, पवन कुमार, मनीष कुमार, आलोक कुमार, बाबूनंद, त्रिभुवन आदि ने बताया कि गांव की मुख्य सड़क को तोड़कर इसमें होम पाइप डाल दिया गया, जिससे सड़क पूरी तरह जर्जर हो गई है। स्थिति यह है कि घर में किसी की तबीयत खराब होने के बाद करीब 500 मीटर दूर ले जाकर गाड़ी से भेजना पड़ता है। गांव में गाड़ी नहीं आ पा रही है। करीब 60 घरों के लोग इससे परेशान हैं। इसकी शिकायत कई बार ग्राम प्रधान से की गई, लेकिन स्थिति जस की तस है। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क सही नहीं हुई तो इसके लिए हम सभी आंदोलन करेंगे।