देवरिया। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीएम ने सीएम डेशबोर्ड से जुड़ी योजनाओं में लापरवाही बरतने पर तीन खंड विकास अधिकारी तथा तीन एडीओ पंचायत को मध्यावधि विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में कोताही बरतने पर सख्त कार्रवाई तय है।
डीएम ने सीएम डेशबोर्ड की समीक्षा में पाया कि भागलपुर, बनकटा तथा रामपुर कारखाना ब्लॉक में ग्राम पंचायतों को मॉडल ग्राम पंचायत घोषित करने, पीएम/सीएम आवास योजना में खराब प्रगति तथा 15 वें वित्त आयोग एवं 5वें राज्य वित्त आयोग में खराब व्यय से जनपद की रैंकिंग प्रभावित हो रही है। उन्होंने उत्तरदायित्व तय करते हुए तीनों ब्लॉकों के खंड विकास अधिकारी तथा एडीओ पंचायत को मध्यावधि प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश दिया। साथ ही सभी अधिकारियों को सीएम डेशबोर्ड से संबंधित योजनाओं को पूरी गंभीरता से लेने का निर्देश दिया।