- ग्रामीणों ने कार्यदायी संस्था की गाड़ियों को रोका, नायब तहसीलदार के पहुंचने पर छोड़ा
चनुकी। रामजनाकी मार्ग से कौसड़ होते चौमुखा, महला मंझरिया, पिंडी आदि गांवों को जाने वाले मार्ग पर बन रहे फोरलेन के बीच में अंडरपास की मांग ग्रामीणों ने की। कौसड़, चौमुखा और पिंडी आदि गांवों के लोगों ने बुधवार को सुतावर गांव के सामने रामजानकी मार्ग पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद लोग सड़क किनारे धरने पर बैठ गए। इस दौरान गिट्टी और मोरंग लेकर आ रही कार्यदायी संस्था की गाड़ियों को रोक दिया। सूचना पर तीन घंटे बाद सलेमपुर के नायब तहसीलदार गोपाल पहुंचे। लोगों ने डीएम को संबोधित ज्ञापन उन्हें सौंपा। उसके बाद लोगों ने प्रदर्शन खत्म कर रोकी गई सीडीआर कंपनी की गाड़ी को छोड़ा।
लार रोड से मेहरौना तक रामजानकी मार्ग का चौड़ीकरण चल रहा है। रामजानकी मार्ग स्थित सुकठ मोड़ से कोहरा, चौमुखा होते नए रोड का निर्माण कर उकिना की सामने रामजानकी मार्ग में जोड़ा जा रहा है। इस बीच रामजानकी मार्ग पर स्थित सुतावर से कौसड़ जाने वाली सड़क को बीच में बंद कर ऊपर से हाईवे निकाला जा रहा है, जिसके कारण कौसड़ सहित आधा दर्जन गांवों के लोगों का आना जाना बंद हो गया है।
प्रदर्शन करने वाले ग्राम प्रधान कौसड़ रामनारायण यादव, प्रमोद सिंह, वीरेंद्र सिंह, मनोज, मंतोष, रामनयन, सोनू, आदित्य, शिवम आदि का कहना है कि इस मार्ग पर अंडरपास बनाया जाए ताकि आवागमन जारी रहे। इस मांग को लेकर कौसड़, चौमुखा, महाल मंझरिया, पिंडी आदि गांव के लोग रामजानकी मार्ग पर सुबह 10 बजे से प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। प्रदर्शन के बाद सभी ग्रामीण रोड के किनारे धरने पर बैठ गए और अंडरपास की मांग करने लगे। इस बीच सीडीआर कंपनी के ट्रकों को रोक दिया गया। तीन घंटे बाद नायब तहसीलदार मौके पर पहुंच कर लोगों की समस्या को सुना और डीएम को संबोधित मांग पत्र लिया। इसके बाद कंपनी की गाड़ियों को छोड़ा गया। प्रदर्शन करने वालों में विनोद, श्याम, मुन्नीलाल, रामप्रकाश, तारिक, राजेंद्र आदि मौजूद रहे।
एक दर्जन गांवों के लोग दाह संस्कार के लिए जाते हैं कौसड़ घाट
चनुकी। सुतावर से कौसड़ घाट तक जाने के लिए एक दर्जन से अधिक गांव के लोगों का केवल एक ही रास्ता है। इन सभी गांव के लोग दाह संस्कार करने के लिए इसी रास्ते कौसड़ घाट जाते हैं। इस रास्ते में अंडरपास की व्यवस्था नहीं होती है तो लोगों को दाह संस्कार करने में भी समस्या आएगी। संवाद