गनेशपुर और लुअठही के युवकों के बीच हुई थी मारपीट
रुद्रपुर। प्रतिमा विसर्जन के दौरान बवाल करने वाले दो गांव के युवकों पर पुलिस ने कार्रवाई की है। क्षेत्र के लुअठही और गनेशपुर गांव के रहने वाले कुछ युवकों ने 28 अगस्त की शाम को चनगहा गांव के समीप श्रीकृष्ण प्रतिमा के विसर्जन के दौरान जमकर हंगामा किया था। दोनों पक्षों से हुई मारपीट में पांच लोग घायल हो गए थे। मामले में पुलिस ने दोनों पक्ष के 16 लोगों पर अभियोग पंजीकृत किया है।
लुअठही गांव के केवटान टोला निवासी अच्छेलाल और राजवीर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गांव में जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा स्थापित की गई थी। जिसके विसर्जन के लिए जाते समय शाम को गनेशपुर के युवकों ने ओवरटेक करने को लेकर बवाल कर दिया। पुलिस ने गनेशपुर गांव के प्रवीण यादव, तारकेश्वर यादव, मनीष यादव, संदीप, रामप्यारे यादव, सतीश यादव, राजमंगल, गुड्डू और अभिषेक पर गोलबंद होकर मारपीट, बलवा का अभियोग पंजीकृत किया। वहीं दूसरे पक्ष के गनेशपुर निवासी सतीश यादव की सूचना पर पुलिस ने लुअठही गांव के अच्छेलाल, राज, बलवीर, अमित, दुर्गेश और नीतिन पर केस दर्ज किया। संवाद