रामपुर कारखाना। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने फोरलेन बाईपास के लिए जमीन नहीं देने का फैसला किया है। कार्यकर्ताओं ने जबरदस्ती करने पर आंदोलन छोड़ने की चेतावनी दी है।
बृहस्पतिवार को हाटा रोड स्थित परसा बरवा उर्फ परसिया मल्ल में भारतीय किसान यूनियन ने बैठक आयोजित की। अध्यक्षता गौरा के पूर्व ग्राम प्रधान कृष्णकांत तिवारी ने किया। भाकियू के पूर्वी उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष किसान नेता विनय सिंह सैंथवार ने कहा कि किसानों की उपजाऊ भूमि को एवं सड़क के किनारे कामर्शियल जमीन को जिला प्रशासन औने-पौने दाम देकर जबरन अधिग्रहण करना चाहता है। हाटा रोड के किनारे परसिया मल्ल की जमीन 15 से 20 लाख रुपए कट्ठा बिक रहा है, कसया रोड पर भी भीमपुर चौराहा पर रोड के किनारे 40 से 50 लाख रुपए कट्ठा की जमीन बिक रही है।
महुआनी से देवरिया रोड पर रोड के किनारे 40 से 50 लाख रुपए कट्ठा की जमीन बिक रही है तथा सोनू घाट से महुआनी वाले रोड पर भी घटईला चेती,घटईला गाजी में सड़क के किनारे 30 से 40 लाख रुपए कट्ठे की जमीन बिक रही है। जिला प्रशासन किसानों को 2020 के सर्किल रेट का चार गुना करके और उसमें वन थर्ड की कटौती करते हुए कुल 67 परसेंट की कटौती कर रहा है, जो बर्दाश्त से बाहर है और किसान अब चुप बैठने वाला नहीं है । भाकियू जिलाध्यक्ष गिरीश नारायण शाही उर्फ बड़े शाही ने कहा किसानों की लड़ाई को भारतीय किसान यूनियन पूर्वांचल की सबसे बड़ी लड़ाई बनाने जा रही है। किसान राजीव राय ने कहा कि किसी भी किसान को अभी कोई भी पेपर बनवाने की आवश्यकता नहीं है।
बैठक में लाल प्रताप सिंह, राधेश्याम यादव, मनीष सिंह, हरिशंकर मल्ल, अतुल सिंह, दीनानाथ यादव, युनुष सेख,आनंद यादव,तेज प्रताप मल्ल,विश्वंभर यादव, जोखन मल्ल, समीन सेख,राम इकबाल यादव, सुरेश गुप्ता, पन्नेलाल प्रजापति, अमरजीत शर्मा इत्यादि सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।