भटनी। थाना क्षेत्र के भरौली गांव में हत्या के प्रयास के आरोपी के घर दबिश देने गए थानेदार व पुलिस कर्मियों का महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार व बुजुर्ग की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ है। वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर एसपी संकल्प शर्मा ने सीओ भाटपाररानी को मामले की जांच कर रिपोर्ट देने को कही है।
जांच अधिकारी ने रविवार को जांच शुरू की और बिना महिला कांस्टेबल के महिलाओं के कमरे में पुलिस के जाने व जमानत कराने के बावजूद बुजुर्ग की पिटाई व हिरासत में लेने की घटना को गलत बताया है। क्षेत्राधिकारी पहले थानेदार, विवेचक व साथ गए पुलिस कर्मियों से पूछताछ करेंगे। इसके बाद वह पीड़ित महिलाओं व बुजुर्ग का बयान दर्ज करेंगे। वही वीडियो वायरल होने पर रविवार को थाने पर पूरे दिन प्रकरण की पुलिस कर्मी आपस में चर्चा करते दिखे। कुछ ने थानेदार के तरीके को सही बताते हुए उनका पक्ष लिया तो कुछ ने उनके अड़ियल रुख पर उन्हें निशाने पर लिया।