देसही देवरिया। बैंक से रुपये निकालकर घर जा रही महिला को बुधवार की शाम शामपुर गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने लूट लिया। वारदात के बाद महिला काफी समय तक सड़क किनारे बेहोश पड़ी रही। जब राहगीरों की नजर पड़ी तो महिला की मदद कर उसे घर पहुंचाया गया। लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी।
रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के शामपुर गांव की पूजा देवी, क्षेत्र के बरवा मीरछापर चौराहा स्थित सेंट्रल बैंक की शाखा पर बुधवार की दोपहर रुपये निकालने पहुंची। 26,000 रुपये निकालकर बैंक से बाहर निकली। वहीं चौराहा पर किसी रिश्तेदार को उसमें से 10,000 रुपये उधारी चुकता कर शेष 16,000 रुपये लेकर पैदल घर जाने लगी। गांव के करीब दोराची नाला पर सुनसान देख बाइक सवार दो युवक हेलमेट लगाकर पीछे से उनके पास पहुंचे। उन्हें रोक कर उनके ऊपर किसी नशीला पदार्थ का स्प्रे कर उन्हें बेहोश कर झोला में रखा रुपये लूटकर भाग निकले।
महिला सड़क किनारे बेहोश पड़ी रही, इसी बीच राहगीरों की नजर पड़ी। उनके शोर मचाने पर जुटे गांव के लोगों ने उनकी पहचान कर पीड़िता को घर पहुंचाया। देर शाम उनकी हालत में सुधार हुआ। ग्राम प्रधान आफताब सिद्दीकी ने पुलिस को फोन कर मामले की जानकारी दी। एसओ नंदा प्रसाद ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है। महिला ने रुपये निकालकर किसी रिश्तेदार को भी दिया। अब कितना पैसा उनके पास था या नहीं, जांच की जा रही है।