चीनी मिल के मैदान में चल रहा है देवरिया महोत्सव
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। शहर के चीनी मिल मैदान में आयोजित देवरिया महोत्सव में रविवार की शाम महिला सहायता संघ की सदस्यों ने लघु नाटिका के माध्यम से मतदान करने का संदेश दिया। निष्पक्ष, निर्भय होकर मतदान कर उपयुक्त प्रत्याशी के चयन के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर आकांक्षा समिति की अध्यक्षा भावना सिंह ने लोकतंत्र के महापर्व और लोकतांत्रिक मूल्यों पर विस्तारपूर्वक डाला। उन्होंने कहा कि प्रजातंत्र एक ऐसे शासन का माध्यम है या शासन का रूप है, जिसमें सरकार का चयन आमजन करता है। इसलिए यह सरकार जनता के द्वारा, जनता की और जनता के लिए होती है। मतदान के माध्यम से हम अपनी मनपसंद सरकार का चयन करते हैं। मतदान एक बहुत ही महत्वपूर्ण और शक्तिशाली आधार है।
जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने नाटक के जरिए दिए गए संदेश की सराहना की और जनपदवासियों से आगामी चुनाव में निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप 75 प्रतिशत मतदान करने का अनुरोध किया। इस अवसर पर एसडीएम विपिन द्विवेदी, जिला विकास अधिकारी रविशंकर राय सहित बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे।
देवरिया महोत्सव में भक्ति प्रहर में आठवें दिन हुआ श्रीसूक्त का 151 पाठ ीदेवरिया महोत्सव में आठवें दिन मुख्य यजमान के रूप में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अरविंद कुमार वैश्य तथा खाद्य एवं रसद अधिकारी संजय कुमार मिश्र रहे।
आचार्य घनश्यामानंद ओझा के नेतृत्व में नर्वदेश्वर पांडेय, ज्योतिषाचार्य शंख बाबा, विकास कुमार पांडेय आदि ग्यारह वैदिकों ने 151 पाठ श्रीसूक्त का कराया। महालक्ष्मी जी भव्य आरती की गई। सोमवार को भक्ति प्रहर के नौवें दिन डॉ. सौरभ श्रीवास्तव की ओर से हवन कर भक्ति प्रहर का विश्राम कराया जाएगा और प्रसाद वितरण होगा।