देवरिया महोत्सव में स्थानिय कलाकार बलराम संगम ने कार्यक्रम प्रस्तुत किया।संवाद
देवरिया। देवरिया महोत्सव का तीसरा दिन स्थानीय कलाकारों के नाम रहा। माटी की खुशबू की सुरमयी बयार ने श्रोताओं को आनंदित कर दिया।
म्यूजिकालय, राघव नगर के छात्रों ने राम आएंगे...गीत को नए कलेवर में प्रस्तुत किया। बलराम संगम ने भोजपुरी गीत प्रस्तुत किया। सरोजनी, अभिषेक ने अपनी गायकी से लोगों की तालियां बटोरीं। छह साल की आरोही ने छाप तिलक सब छीनी... गीत से उपस्थित जनसमूह को मुग्ध कर दिया। माटी के बेटे समर सिंह, अनुराधा बरनवाल के गीतों का लुत्फ लोगों ने उठाया। संचालन भावना द्विवेदी ने किया।
कलाकारों के नहीं आने से रासलीला का आयोजन स्थगित
मंगलवार की शाम को मथुरा के कलाकारों को ब्रज की रासलीला की प्रस्तुति देनी थी। हालांकि, देर शाम तक वे देवरिया नहीं पहुंच पाए थे। आयोजन से जुड़े लोगों ने बताया कि समय से मथुरा के कलाकारों के नहीं पहुंच पाने से इस कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया।
ओडीएफ प्लस बनाने वाले 107 ग्राम पंचायत के प्रधानों को सम्मान
देवरिया महोत्सव के तीसरे दिन 107 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान एवं पंचायत सचिवों को ओडीएफ प्लस माॅडल ग्राम पंचायत बनाए जाने पर डीएम, सीडीओ व जिला पंचायत राज अधिकारी ने प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। ओडीएफ प्लस मॉडल ग्राम घोषित करने में अग्रणी तीन विकास खंड रुद्रपुर, बरहज और गौरी बाजार के बीडीओ, एडीओ पंचायत कंसल्टिंग इंजीनियर और खंड प्रेरक व कंप्यूटर ऑपरेटर को भी प्रशस्तिपत्र तथा स्मृति चिह्न देकर उत्साहवर्धन किया गया।