दुष्कर्म में 10 साल की कैद
सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र का रहने वाला है दीपक
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। महिला से दुष्कर्म के डेढ़ साल पुराने मामले में एक युवक को बुधवार को 10 साल की सजा सुनाई गई। उस पर 25 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है। मामला सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र का है। सहायक शासकीय अधिवक्ता आशुतोष सिंह के अनुसार सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की महिला के पति विदेश में रहते हैं। पीड़ित महिला अपने चार छोटे बच्चों के साथ गांव में रहती है। सात अगस्त 2018 की रात 11 बजे गांव के ही दीपक नाम का युवक घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म किया। महिला की तहरीर पर दीपक के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज किया गया। सलेमपुर कोतवाली पुलिस ने मामले में चार्जशीट न्यायालय में दाखिल किया। बुधवार को सुनवाई के दौरान अपर जिला जज नवीन सिंह ने दीपक को दुष्कर्म का दोषी पाते हुए 10 साल के कैद की सजा सुनाई। उस पर 25 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। आरोपी पहले से ही जेल में बंद है।
आज रहेगा न्यायालय में अवकाश
देवरिया। बसंत पंचमी के अवसर पर बृहस्पतिवार को जिला न्यायालय में अवकाश रहेगा। जिला जज रामानंद ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश पर अवकाश रहेगा।