रिक्रूट को पढ़ाया कर्तव्य का पाठ
डर से नहीं अंतरात्मा से करें अनुशासन का पालन : प्रमुख सचिव
रिक्रूट आरक्षियों के पासिंग आउट परेड की प्रमुख सचिव ने ली सलामी
पुलिस लाइंस में सोमवार की सुबह आयोजित हुआ दीक्षांत परेड
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। पुलिस लाइंस में छह माह से आधारभूत प्रशिक्षण ले रहीं 206 महिला रिक्रूट आरक्षियों के लिए दीक्षांत परेड का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि प्रमुख सचिव नागरिक सुरक्षा, राजनीतिक पेंशन और जिले के नोडल अधिकारी राजन शुक्ल ने परेड की सलामी ली। दीक्षांत परेड में बेहतर प्रदर्शन करने पर महिला रिक्रूट की मुख्य अतिथि ने सराहना की।
पिछले कई दिनों से पुलिस लाइंस परिसर में दीक्षांत परेड की तैयारियां चल रही थीं। यहां छह महीने से प्रशिक्षण ले रही 206 महिला रिक्रूट आरक्षियों के परिवारवालों को भी इसमें आमंत्रित किया गया था। तय वक्त पर दीक्षांत परेड शुरू हुआ। मुख्य अतिथि प्रमुख सचिव राजन शुक्ल ने कहा कि परेड में महिला रिक्रूट आरक्षियों ने उच्च कोटि के अनुशासन का परिचय दिया है। अनुशासन किसी के डर से नहीं वरन अंतरात्मा से जीवन में लाना चाहिए। इसी अनुशासन को पालन सभी को अपने ड्यूटी के कार्यकाल में करना होगा। उन्होंने आमजन से बात करने में वाणी में सौम्यता रखने और बदमाशों पर कड़ाई करने की बात कहीं। एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने प्रमुख सचिव राजन शुक्ल को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। साथ ही कार्यक्रम में विशेष योगदान देने वाले डीएम अमित किशोर को भी स्मृति चिह्न भेंट किया। इस दौरान सीजेएम भूपेंद्र प्रताप सिंह, विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव शिवेंद्र मिश्र, सीडीओ शिवशरणप्पा जीएन, एसडीएम सदर दिनेश मिश्र, एएसपी शिष्यपाल, सीताराम, सीओ सिटी निष्ठा उपाध्याय, रुद्रपुर दिनेश सिंह यादव, बरहज अंबिका प्रसाद, सलेमपुर वरुण मिश्र, मुख्य अग्रिशमन अधिकारी शंकर शरण राय, आरआई प्रकाश चंद पांडेय समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
रिक्रूट क्षमा ओझा को मिला मेडल
इनडोर और आउटडोर प्रशिक्षण में रिक्रूट आरक्षी क्षमा ओझा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इनडोर में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली स्वाती सिंह, नेहा सिंह, प्राची पांडेय, वंदना, संध्या देवी, रितू यादव, दीपिका कुमारी, रजनी और आउटडोर में प्रथम स्थान हासिल करने वाली रिचा शुक्ला, क्षमा ओझा, नाजबीन निशा, शीलम यादव, वंदना मौर्य, रागिनी, रोशनी दुबे, सुहानी कश्यप, नीलम यादव, जूही शुक्ला, परेड कमांडर क्षमा ओझा, द्वितीय कमांडर अर्पिता सिंह, तृतीय कमांडर शिवांगी सिंह को प्रमुख सचिव राजन शुक्ल ने प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया।
इन जनपदों से आईं थी महिला रिक्रूट आरक्षी
पुलिस लाइंस में प्रशिक्षण ले रहीं 206 महिला रिक्रूट आरक्षियों में बलिया से 72, संत कबीर नगर से 73, मिर्जापुर से एक, मऊ से 52 और प्रयागराज से दो शामिल रहीं। दीक्षांत परेड के बाद सोमवार की दोपहर बाद सभी को बस से उनके जिले के लिए रवाना किया गया।