कुरैती गांव में डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद गांव में कैंप करते एसडीएम और सीओ
- फोटो : DEORIA
तेज आवाज में गीत बजाने को लेकर विवाद
गांव में पुलिस तैनात, एक युवक हिरासत में
एक धर्मस्थल के करीब से बजाते हुए जा रहे थे गीत
अमर उजाला ब्यूरो
रुद्रपुर। कुरैती गांव में छठ पर तेज आवाज में गीत बजाने को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के बाद नौबत मारपीट की आ गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। ऐहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। शनिवार की शाम कुरैती गांव के प्रधान हरेंद्र के घर की महिलाएं सूर्य को अर्घ्य देने के लिए छठ घाट पर जा रही थी। गांव के कुछ युवक महिलाओं के साथ तेज आवाज में गीत बजाते हुए छठ घाट पर जाने लगे। लोग दूसरे संप्रदाय से जुड़े धर्मस्थल के करीब पहुंची, तभी कुछ लोग गीत बंद करने को बोलने लगे। उन्होंने तेज आवाज में गीत नहीं बजाने को कहा। इस दौरान दोनों समुदाय के युवकों में कहासुनी होने लगी। मारपीट तक नौबत आ गई। विवाद बढ़ता देख महिलाओं ने बीचबचाव किया। घटना की सूचना पर गांव में एसडीएम और सीओ फोर्स लेकर पहुंचे। उन्होंने घटना के बारे में जानकारी ली। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया। सीओ दिनेश सिंह यादव ने कहा कि लोगों को समझाबुझा कर शांत करा दिया गया। गांव में शांतिपूर्ण माहौल में छठ व्रत का त्योहार मनाया जा रहा है।