देवरिया में बनकटा पुलिस ने टाइम बम के शक में शराब तस्कर को किया गिरफ्तार।
- फोटो : DEORIA
टाइम बम के शक में पकड़ा, निकला शराब तस्कर
भाटपाररानी (देवरिया)। कमर में टाइम बम बांध कर ले जाने की अफवाह पर बनकटा पुलिस ने जिस युवक को पकड़ा, वह शराब तस्कर निकला। पुलिस की नजर से बचने के लिए वह कमर में शराब बांधकर बिहार ले जा रहा था। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। सरदार पटेल जयंती पर सोहनपुर तिराहे पर भाजपा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में शामिल होने लोग आए थे। उसी भीड़ में तस्कर के सड़क पार करते समय बकरियों का झुंड आ गया और वह झुककर बकरियों को भगाने लगा। झुकते ही शरीर पर अंग्रेजी शराब के पैकेट, जो टेप से लपेटे था, लोगों को दिख गया। टाइम बम के शक में लोगों ने युवक को पकड़ लिया और धुनाई शुरू कर दी। तभी थाने की कोबरा टीम के दो कांस्टेबल संजय यादव और सुनील यादव युवक को छुड़ाकर थाने ले गए। थानाध्यक्ष वीर बहादुर सिंह ने बताया कि युवक भोला राजभर थाना असांव निवासी के पास से तीस पाउच 8-पीएम बरामद हुआ है।