अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत
बघौचघाट थानाक्षेत्र के खनुआ ब्रह्मस्थान के पास हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
तरकुलवा। बघौचघाट थानाक्षेत्र के खनुआ ब्रह्मस्थान के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध केस दर्ज किया है। पकहां टोला नोनिया पट्टी निवासी रामप्रीत गोंड (60) शुक्रवार को शौच के लिए खनुआ ब्रह्मस्थान की ओर गए था। वहां तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गए। गंभीर रुप से घायल वृद्ध को आसपास के लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजन घर लेकर दाह संस्कार में लग गए। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया। घटना की तहरीर मृतक के बेटे सनोज गोंड ने दी। पुलिस ने अज्ञात वाहन व चालक के खिलाफ केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।