जिला अस्पताल : जांच में देरी पर मरीजों का हंगामा
फाल्ट के कारण प्रभावित थी बिजली, दोपहर बाद शुरू हुआ जांच
हड्डी रोग विभाग में सिर्फ एक डॉक्टर के होने से मरीजों को हुई दिक्कतें
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिला अस्पताल के पैथालॉजी और डिजिटल एक्सरे नहीं होने से नाराज लोगों ने हंगामा किया। दोनों जांच घरों की बिजली सप्लाई ठप होने के कारण जांच प्रभावित रही। वहीं हड्डी रोग विभाग के ओपीडी में डॉक्टर से दिखाने के लिए लोगों को दुश्वारियां झेलनी पड़ी।
पैथालॉजी और डिजिटल एक्सरे कक्ष के बाहर सुबह नौ बजे मरीजों की कतार लग गई। दोनों जांच केंद्रों की बिजली सप्लाई खराबी के कारण नहीं हो सका। एक घंटे तक कर्मचारियों ने इसे ठीक करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में एक लाइनमैन को बुलाया। वह खराबी को देखा और कही चला गया। जांच में देरी होने पर कतार में लगे मरीजों का सब्र टूट पड़ा और हंगामा करने लगे। मामला बढ़ता देख कर्मचारी अंदर से फाटक बंद कर लिए। कुछ देर बाद लाइनमैन पहुंचा तो खराबी को ठीक किया। दोपहर बाद लोगों का जांच शुरू हुआ। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस लिया। देर होने के कारण कई लोगों को बिना जांच कराए वापस लौटना पड़ा। वहीं हड्डी रोग विभाग में सिर्फ डॉ. पीएन कन्नौजिया बैठे थे, जबकि दो अन्य डॉक्टरों का पता नहीं था। मरीजों की भीड़ अधिक होने के कारण ओपीडी में लोगों ने खूब बवाल काटा। जिम्मेदारों पर तंज कसते हुए लोगों ने व्यवस्था में सुधार की मांग किया। सीएमएस डॉ. छोटेलाल ने बताया कि बिजली सप्लाई प्रभावित होने के कारण दोपहर तक पैथालॉजी और डिजिटल एक्सरे प्रभावित था। मैकेनिक बुलाकर इसे ठीक करा दिया गया।
गिरजा के घुटने में दर्द, पहुंची अस्पताल
देवरिया। जेल में बंद बालगृह बालिका कांड की आरोपी गिरजा त्रिपाठी की घुटने में बुधवार को दर्द होने लगा। महिला सिपाहियों ने जिला अस्पताल लाया, जहां डॉ. पीएन कन्नौजिया ने उनका इलाज किया। गिरजा त्रिपाठी से मुलाकात करने वाले भी जिला अस्पताल पहुंचे और उनसे मिलकर बात की।