छोटेलाल का हत्यारोपी पुलिस के हत्थे चढे एसपी ने किया खुलासा।
- फोटो : DEORIA
साढ़ू ने कराई थी छोटेलाल की हत्या, एक गिरफ्तार
विजयीपुर के पिपरई गांव निवासी छोटेलाल की 17 अगस्त को हुई थी हत्या
एक आरोपी को खामपार पुलिस ने चाकू के साथ किया गिरफ्तार, दो फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। खामपार थानाक्षेत्र के नंदपुर कुकुरघाटी के बांध पर गोली मारकर हुई छोटेलाल की हत्या का पुलिस ने शुक्रवार को पर्दाफाश कर दिया। प्रेम-प्रसंग में रिश्ते के साढ़ू अजय यादव ने दो अन्य साथियों संग मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने एक आरोपी को चाकू के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस लाइंस के मनोरंजन कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने बताया कि 17 अगस्त को बिहार के गोपालगंज के विजयीपुर थानाक्षेत्र के पिपरई गांव निवासी छोटेलाल यादव की खामपार थानाक्षेत्र के नंदपुर कुकुरघाटी बांध पर गोली और चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले की पड़ताल में जुटे प्रभारी निरीक्षक खामपार भीष्मपाल सिंह की टीम ने मुखबिर की सूचना पर भवानी छापर के पास से एक युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम दीपक उर्फ साधू निवासी कोयला देवा गांव बाजार, थाना फुलवरिया, जिला गोपालगंज बताया। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद हुआ। कड़ाई से पूछताछ में उसने छोटेलाल यादव की हत्या में शामिल होने की बात बताई। उसने बताया कि अजय यादव निवासी मदरवानी थाना फुलवरिया छोटेलाल का साढ़ू है। छोटेलाल की पत्नी से अजय के मधुर संबंध थे। इसे लेकर कई बार विवाद हुआ था। छोटेलाल ने अजय को अपने घर आने से मना कर दिया था। योजना बनाकर अजय मुझे और नीतीश को साथ ले गया। छोटेलाल को घर से बुलाया गया। शराब पिलाने के बाद उसे बांध की तरफ ले गए। अजय ने गोली मारी और हम दोनों ने चाकू से गर्दन पर वार किया। उसकी मौत होने के बाद भाग गए थे। एसपी ने बताया कि फरार चल रहे दोनों आरोपियों की तलाश कराई जा रही है।