इंटवा गांव के सामने देवरिया-गोरखपुर मुख्यमार्ग पर हादसे के बाद ट्रक छोड़ चालक फरार, भीड़
- फोटो : DEORIA
ट्रक की चपेट में आने से दंपती की मौत, भांजा बचा
गौरीबाजार के बैतालपुर डिपो के पास शनिवार की सुबह हुआ हादसा
एकौना थानाक्षेत्र के पटवनिया गांव के रहने वाले थे दंपती
बहनोई के ब्रह्मभोज में शामिल होने के बाद भांजे के साथ लौट रहे थे दोनों
अमर उजाला ब्यूरो
बैतालपुर। बहनोई के घर से ब्रह्मभोज कार्यक्रम में शामिल होकर भांजे के साथ लौट रहे दंपती की बैतालपुर डिपो के पास ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। वे एकौना थानाक्षेत्र पटवनिया गांव के रहने वाले थे। बाइक चला रहा भांजा हेलमेट लगाने की वजह से बच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दंपती की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
एकौना थानाक्षेत्र के पटवनिया गांव निवासी रामजी यादव के बहन का घर गौरीबाजार थानाक्षेत्र के जमुना गांव में है। उनके बहनोई रामस्वरुप यादव के पट्टीदारी में किसी का निधन हो गया था। शुक्रवार को उनका ब्रह्मभोज था। इसमें शामिल होने के लिए रामजी यादव (55) अपनी पत्नी कुसुम देवी (50) के साथ जमुना गांव आए थे। शनिवार की सुबह 10 बजे दंपती भांजे रामअवतार के साथ बाइक पर सवार होकर गांव जा रहे थे। तीनों बाइक से बैतालपुर ऑयल डिपो के पास मोड़ से थोड़ी दूर आगे बढ़े थे। उसी दौरान फोरलेन के दूसरी पटरी पर चढ़ने से पहले ही देवरिया की ओर से गोरखपुर जा रहे सिलेंडर लदे ट्रक ने बाइक को चपेट में ले लिया। घटनास्थल पर ही रामजी यादव और उनकी पत्नी कुसुम देवी की मौत हो गई। बाइक चला रहा भांजा रामअवतार हेलमेट पहने था, उसकी जान बच गई। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। सूचना मिलने पर गौरीबाजार एसओ विनय सिंह मौके पर पहुंचे। दंपती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक की लापरवाही से हादसा हुुआ है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।