डांट से क्षुब्ध युवती ने फांसी लगाकर जान दी
सदर कोतवाली के रानीघाट की रहने वाली थी ऊषा
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। परिवारवालों की डांट से क्षुब्ध एक युवती ने बुधवार की रात घर में फांसी लगाकर जान दे दी। मामला सदर कोतवाली के रानीघाट गांव का है। परिवारवालों को घटना की जानकारी गुरुवार की सुबह हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
सदर कोतवाली के रानीघाट गांव निवासी हरिहर की बेटी ऊषा (18) बुधवार को मोबाइल से किसी से बात कर रही थी। उसी दौरान मां ने उसे किसी काम के लिए बुलाया। ऊषा काफी देर तक नहीं आई तो मां ने उसे डांट दिया। यह बात ऊषा का नागवार गुजरी। बुधवार की रात खाना खाने के बाद परिवार के लोग सो गए। ऊषा ने रात में किसी समय कुंडे में दुपट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार की सुबह जब काफी देर तक वह नहीं जगी तो परिवारवाले कमरे में गए। फंदे से ऊषा को लटकते हुए देख परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के लोग अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे थे कि किसी ने मामले की जानकारी यूपी 100 पर दे दी। सदर कोतवाल अरुण मौर्य ने बताया कि युवती ने फांसी लगाकर जान दी है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवारवालों को सौंप दिया गया है।