फर्जी डिग्री पर नौकरी कर रही शिक्षिका बर्खास्त
सलेमपुर के जूनियर विद्यालय रामपुर बुजुर्ग में तैनात हैं शिक्षिका
फर्जी एवं टैम्पर्ड प्रमाण पत्र धारी अभ्यर्थियों की सूची में नाम शामिल होने की हुई पुष्टि
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। आगरा विश्वविद्यालय से सत्र 2004-05 में बीएड की फर्जी डिग्री हासिल कर सहायक अध्यापक के पद पर कार्य कर रही शिक्षिका को बर्खास्त कर दिया गया है। बीएसए ने प्रथम नियुक्ति तिथि से वेतन भुगतान की वसूली के साथ ही उनके खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में सलेमपुर के बीईओ को एफआईआर कराने का निर्देश दिया है।
शनिवार को बीएसए ओमप्रकाश यादव ने बताया कि डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा के बीएड सत्र 2004-05 के आधार पर फर्जी एवं टैंपर्ड प्रमाण पत्र धारी अभ्यर्थियों के संबंध में बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव ने 19 जून को पुलिस महानिदेशक विशेष अनुसंधान बल, कार्यालय के संबंध में जिले के हुई नियुक्तियों का ब्योरा मांगा था। इस संबंध में एडी बेसिक गोरखपुर को आए पत्र के अनुसार सलेमपुर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय रामपुर बुजुर्ग में तैनात शांति सिंह का नाम आगरा विश्वविद्यालय के बीएड सत्र 2004-05 में फर्जी एवं टैंपर्ड प्रमाण पत्र धारी अभ्यर्थियों की तैयार की गई संशोधित सूची में अंकित होना पाया गया। 21 जून को विभाग ने उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए अंतिम अवसर देते हुए नोटिस जारी किया था। बावजूद उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। फर्जी व कूटरचित शैक्षिक अभिलेखों के आधार पर नौकरी की पुष्टि के बाद उन्हें बर्खास्त किया गया है। बीईओ सलेमपुर को फर्जी शिक्षिका के प्रथम नियुक्ति काल से अब तक दिए गए वेतन भुगतान की वसूली एवं धोखाधड़ी के संबंध में तत्काल केस दर्ज कराने का आदेश दिया गया है।