मुख्य आरोपी ने बरामद कराया पिस्टल
22 की रात आर्य समाज गली में की थी फायरिंग
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। आर्य समाज गली में फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी ऋषभ वर्मा ने रिमांड पर लिए जाने के बाद शुक्रवार को पिस्टल बरामद कराया। गौरीबाजार थानाक्षेत्र के बैतालपुर ऑयल डिपो के पास झाड़ियों में पिस्टल छिपाया गया था। रिमांड की अवधि समाप्त होने पर पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल में दाखिल कराया गया। अबूबकरनगर के रहने वाले साहिल वर्मा पर 22 जुलाई की रात ऋषभ वर्मा ने तीन अन्य साथियों संग मिलकर फायरिंग की थी। संयोग से गोली किसी को नहीं लगी। मौके से दो लोगों को पकड़ लिया गया था। फरार हुए ऋषभ ने पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पुलिस की लापरवाही से उसे जमानत भी मिल गई। जानकारी होने पर एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने न्यायिक अधिकारियों से वार्ता की। साथ ही विवेचक को कड़ी फटकार लगाई। आनन-फानन में विवेचक ने कोर्ट से सत्यापन रोकवाया और रिमांड मांगा। शुक्रवार को सीजेएम ने ढाई बजे से शाम छह बजे तक साढ़े तीन घंटे की रिमांड दिया। विवेचक प्रमोद सिंह उसे लेकर बैतालपुर ऑयल डिपो के पास पहुंचे। वहां उसने झाड़ियों में छिपाया पिस्टल बरामद कराया। इस बाबत सदर कोतवाल अरुण मौर्य ने बताया कि फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी ने पिस्टल बरामद करा दिया है।