सपा कार्यकर्ताओ ने टाउनहाल स्थित नेहरू प्रतिमा के सामने धरना दिया।
- फोटो : DEORIA
सपा नेताओं की गिरफ्तारी पर भड़के कार्यकर्ता
टाउनहाल परिसर में धरना, सरकार विरोधी नारेबाजी की
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। बदायूं के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव व समाजवादी यूथ फ्रंटल संगठनों के प्रदेश अध्यक्षों की रामपुर में गिरफ्तारी के विरोध में सयुस कार्यकर्ताओं ने टाउनहाल परिसर में धरना दिया। सरकार विरोधी नारे लगाते हुए राजनीतिक द्वेष में सपा नेताओं के उत्पीड़न का आरोप लगाया।
सपा नेता विजय रावत ने कहा कि रामपुर में बुुधवार को गिरफ्तार किए गए सपा विधायक अब्दुल्ला आजम से मिलने जा रहे पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव को सत्ता पक्ष के इशारे पर गिरफ्तार कर पुलिस ने लोकतंत्र की हत्या की है। प्रदेश की पुलिस हत्या करने वालों पर तो लगाम नहीं लगा पा रही, लेकिन निर्दोषों को गिरफ्तार कर उत्पीड़न में लगी है। युवजन सभा के जिलाध्यक्ष रणवीर यादव ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्वक धरना प्रदर्शन प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। रामपुर में पुलिस-प्रशासन ने सपा नेताओं को रोककर अपनी निरंकुशता का परिचय दिया है। सरकार इस पर रोक नहीं लगाती तो सपा कार्यकर्ता क्रमिक अनशन को बाध्य होंगे। उन्नाव कांड का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में लोकतंत्र का अस्तित्व खतरे में है। प्रदर्शन में राजेश यादव, इंदल यादव, इमरान खान, प्रभात यादव, पंकज वर्मा, धनोज जायसवाल, जितेश यादव, आजम अहमद, वीरेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।