रहज के सतरांव में आयेाजित जिलास्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता में जोर आजमाइश करती टीमें
देवरिया। बैतालपुर के पंचमुखी हनुमान मंदिर प्रांगण में चल रहे अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति राज्य स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता के दूसरे दिन का मुकाबला देवरिया और गोरखपुर के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले को देवरिया ने 2-1 से जीत लिया।
मैच में सद्भावना क्लब गोरखपुर की टीम ने अच्छे खेल का प्रदर्शन करते हुए हनुमान क्लब देवरिया पर दबाव बनाया। लेकिन इसके उलट देवरिया के जर्सी नंबर दस में खेल रहे आदित्य यादव ने एक गोल करके अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इस गोल का बराबरी करने का प्रयास कर रहे गोरखपुर के खिलाड़ियों को पहले हाॅफ के 27 वें मिनट में सफलता मिली।
उनके जर्सी नंबर नौ के खिलाड़ी सुनील ने शानदार गोल करके अपनी टीम को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। दूसरे हाॅफ में भी दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने दमख़म दिखाया और एक दूसरे पर दबाव बनाते रहे। कांटे के इस मैच में सेकेंड हाॅफ के 27 वें मिनट में देवरिया की टीम के आदित्य यादव ने एक बार फिर गोल करके अपनी टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी। गोरखपुर की टीम अंत तक दूसरे गोल की बराबरी नहीं कर पाई। इसके पूर्व बालाजी मंदिर देवरिया के पीठाधीश्वर स्वामी राजनारायणाचार्य व पत्रकार शैलेंद्र मणि त्रिपाठी ने खिलाड़ियों से परिचय कर मैच का शुभारंभ किया।