घटना स्थल पर मौजूद पुलिस और स्थानीय लोग
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया के सलेमपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के सलेमपुर बरठा मार्ग पर बिराजभार गांव के समीप ट्रक की चपेट में आने से बाइक से जा रहे एक अधेड़ की मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा युवक घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भाटपाररानी थाना क्षेत्र के शंकरपुरा गांव निवासी रामाश्रय 60 वर्ष पुत्र स्व.चंद्रिका अपने रिश्तेदार भटनी थाना क्षेत्र के अलगटपुर गांव निवासी गोविंद कुमार पुत्र नथुनी प्रसाद के साथ सोमवार को बाइक से अपने छोटी बेटी बिंदू देवी के घर मधुबन थाना क्षेत्र के ननकपुरा गांव जा रहे थे। अभी वह बिराजभार गांव के पास ही पहुंचे थे कि पीछे से आ रहे एक ट्रक ने बाइक में ठोकर मार दी। जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पलट गई।
बाइक पर सवार रामाश्रय बीच सड़क पर ट्रक के पहिए की नीचे दब गए। जिससे उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं चालक गोविंद कुमार चोटिल हो गए। घटना की खबर मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घायल को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। मृतक के दो बेटे और दो बेटियां है। दोनों बेटे प्रेम व अनिल विदेश में नौकरी करते हैं। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।