गांव के एक शख्स द्वारा परेशान किया जाना बता रहे लोग, थाने तक पहुंचा था मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
भलुअनी। क्षेत्र के लंगड़ा बाजार के भगवानपुर टोला निवासी मानसिंह चौहान की पुत्री पूजा (18) की बृहस्पतिवार की देर शाम अचानक तबीयत खराब हो गई। जिन्हें परिजन जिला अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखकर गोरखपुर रेफर कर दिया। उसकी रास्ते में मौत हो गई।
लोगों के अनुसार, गांव का एक शख्स उसे परेशान कर रहा था। मामला थाने तक पहुंचा था। हालांकि, मामले में पुलिस द्वारा कुछ लोगों को हिरासत में लेने की बात सामने आ रही है।
मानसिंह के तीन संतानों में पूजा दूसरे नंबर की पुत्री थी। देर शाम पूजा ने किसी कारण से कीटनाशक दवा खा ली। जानकारी होने पर घर में खलबली मच गई। आनन-फानन परिजन उसे इलाज के लिए ले गए। पूजा की मौत से सभी हतप्रभ हैं। बताया जा रहा है कि करीब 10 दिन पूर्व शादीशुदा एक शख्स ने उसे परेशान किया था। विरोध करने और थाने पर शिकायत करने से खार खाए शख्स ने दरवाजे पर चढ़कर गाली-गलौज भी की थी। इसे पूजा की मौत की वजह लोग इस मामले से जोड़कर देख रहे हैं। इंस्पेक्टर अर्चना सिंह ने शव को अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया। सीओ आदित्य कुमार गौतम ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।