पुलिस उत्पीड़न के विरोध में रामलक्षन में सड़क जाम करते भृगउसरी गांव के लोग लोगों को समझातें एसडीएम रुद्रपुर
पुलिस उत्पीड़न के विरोध में बुुधवार को भृगुसरी गांव के लोगों ने रामलक्षन चौराहे पर प्रदर्शन किया। ग्राम प्रधान के नेतृत्व में जुटे गांव वालों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने चौकी इंचार्ज पर मारपीट के मामले में एकतरफा कार्रवाई करने और एक पक्ष का कटरैन उजाड़ने का आरोप लगाया। इस दौरान रामलक्षन से गौरीबाजार जाने वाली सड़क दो घंटे तक जाम रही। एसडीएम डॉ राजेश कुमार के मारपीट के मामले में न्यायोचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खत्म कराया।
भृगुसरी गांव की निर्मला देवी ने बताया कि नाली का पानी बहाने के लिए जयप्रकाश और संजय निषाद के परिवार के बीच मारपीट हुई थी। इस मामले में पुलिस ने जयप्रकाश की ओर से तहरीर लेकर संजय निषाद और उनके परिवार के पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर दिया। एकतरफा कार्रवाई को लेकर दोनों पक्षों में दोबारा विवाद हुआ। मंगलवार की रात दोबारा विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक पक्ष के लोगों को मारा पीटा। आरोप है कि रात को नौ बजे पहुंची पुलिस ने निर्मला की कटरैन उजाड़ दी।
घटना के बाद ग्राम प्रधान खदेरू निषाद ने गांव के लोगों को लेकर बुधवार की सुबह नौ बजे रामलक्षन में सड़क जाम कर दिया। गांव के सैकड़ों लोगों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गांव वाले चौकी इंचार्ज के तबादले की मांग कर रहे थे। इस दौरान कोतवाली प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया पर वह नहीं माने। सड़क जाम कर रहे लोग उच्चाधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने कार्रवाई का आश्वासन देकर दो घंटे बाद जाम खत्म कराया। प्रदर्शन करने वालों में ग्राम प्रधान खदेरु निषाद, सुभाष पासवान, सूर्यभान सिंह, रामनाथ, परमेश्वर, सुुुुभाष, सुरेश सहित गांव की तमाम महिलाएं रहीं।