- बेहराडाबर गांव का मामला, पैमाइश के बाद गाड़ी गई थी पत्थर
संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। बेहराडाबर गांव में पुलिस की मौजूदगी में राजस्व विभाग के पैमाइश कर खेत में लगाए गए सीमांकन पत्थर को मनबढ़ों ने उखाड़ दिया। विरोध करने पर पीड़ित की लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। शिकायत पर शनिवार को पुलिस ने पांच आरोपियों पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
बेहराडाबर गांव निवासी तारकेश्वर पांडेय ने अपने खेतों के सीमांकन के लिए उपजिलाधिकारी सलेमपुर की कोर्ट में वाद दाखिल किया था। वाद निस्तारण के बाद न्यायालय के आदेश पर 20 जून को पुलिस की मौजूदगी में राजस्व कर्मियों ने पीड़ित के खेत में सीमांकन के लिए पत्थर नसब किया। 22 जून को पीड़ित खेत में मेढ़ बांधने पहुंचे, तो गांव के ही आरोपियों ने गोलबंद होकर उन पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडे से पिटाई करने के बाद राजस्व विभाग के नसब पत्थर उखाड़ कर फेंक दिया।
शिकायत पर पुलिस ने नेबूलाल, राजकुमार, प्रिंस, श्रीकांत और हरिकांत पर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, मारपीट आदि का केस दर्ज किया। सीओ भाटपाररानी शिव प्रताप सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर खेत में नसब पत्थर को उखाड़ना बड़ा अपराध है। शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।