फोटो समाचार......
गांव में जमीन का कोई टुकड़ा नहीं, सभी चकरोड मुख्य मार्ग से जुड़े हैं
संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। विकास खण्ड के पिपरा दीक्षित गांव के ग्रामीणों ने सोमवार को जिलाधिकारी से मुलाकात कर चकबंदी प्रक्रिया को रोकने की गुहार लगाई है। डीएम को सौंपे पत्र में ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव की भूमि में कोई टुकड़ा नहीं है, साथ ही सभी चकरोड मुख्य मार्ग से जुड़े हुए हैं। चकरोड और अन्य जरूरत के सभी संसाधन पहले ही मौजूद हैं। चकबंदी होने से जहां गांव में आपसी मतभेद बढ़ जाएंगे, वहीं, किसानों से मनचाहा चक देने के नाम पर व्यापक धनउगाही होगी।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को बताया कि उनके गांव में भी चकबंदी विभाग के द्वारा सर्वे कराया जा रहा है। इसका विरोध ग्रामीण पहले ही जता चुके हैं। उन्होंने बताया कि गांव में सभी चकरोड सरकार व शासन के आदेश के क्रम में सभी आपस में जुड़े हुए हैं। सभी रास्तों से लोग चलते हैं। 1984 में हुई चकबंदी में किसानों ने पहले ही जरूरत के अनुसार अपने चकों को एक पास कर लिया था। अब गांव में जमीन का कोई टुकड़ा नहीं है। गांव के लोग आसानी से चकरोड से मुख्य मार्ग से होकर जाते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि अब गांव में चकबंदी होने पर लोगों में मुख्य सड़क के किनारे चक बनाने में होड़ मच जाएगी। इससे गांव में आपसी मतभेद बढ़ जाएंगे। साथ ही इसका फायदा उठाकर चकबंदी विभाग के अधिकारी व कर्मचारी धनउगाही में जुट जाएंगे। मौजूदा समय में जो गांव में आपसी भाईचारा है। उसपर बहुत बड़ा असर पड़ेगा।
इस दौरान प्रधान प्रतिनिधि गुड्डू दीक्षित, पूर्व प्रधान ओमप्रकाश यादव, अरविंद यादव, गुप्तेश्वर प्रसाद, दारा प्रसाद, निर्भय दीक्षित, प्रकाश दीक्षित, भीम यादव, नितेश दीक्षित, रमाशंकर प्रसाद, रामप्रवेश, राजकुमार आदि मौजूद रहे।