घांटी बाजार। भटनी विकासखंड के रायबारी और चौरिया गांव में बिजली संकट से ग्रामीण परेशान हैं। बढ़ती बिजली खपत के चलते दोनों गांवों में लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली कटने की समस्या बनी हुई है। इसे दूर कराने के लिए ग्रामीणों ने प्रयास शुरू कर दिए हैं।
रायबारी गांव निवासी दयाशंकर ने स्थानीय विधायक को पत्र सौंपकर दोनों गांवों में ट्रांसफाॅर्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने पत्र में बताया कि बिजली की खपत बढ़ने से मौजूदा ट्रांसफाॅर्मरों पर भार बढ़ गया है। इसके चलते ग्रामीणों को पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिल पा रहा है और आए दिन आपूर्ति बाधित होती है।
उन्होंने रायबारी गांव में लगे 10 केवी के ट्रांसफाॅर्मर की क्षमता बढ़ाकर 25 केवी तथा चौरिया गांव में लगे 25 केवी के ट्रांसफार्मर को 63 केवी करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफाॅर्मरों की क्षमता बढ़ने से ओवरलोडिंग की समस्या कम होगी और बिजली आपूर्ति में सुधार हो सकेगा। विधायक से समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की गई है।