एंबुलेंस में ही चालक और ईएमटी ने महिला का कराया सुरक्षित प्रसव
भाटपाररानी। महिला को प्रसव कराने के लिए एंबुलेंस से घर से अस्पताल ले जाते समय शनिवार को असह्य पीड़ा होने पर रास्ते में ही एंबुलेंस रोककर चालक और ईएमटी ने सुरक्षित प्रसव कराया। उसके बाद जच्चा-बच्चा को भाटपाररानी अस्पताल के प्रसव केंद्र पर लाकर भर्ती करा दिया।
विकासखंड भाटपाररानी के ग्राम जैतपुरा निवासी छोटेलाल की पत्नी सुगंधी देवी को प्रसव पीड़ा होने लगी। परिजनों ने आशा लाल चुन्नी को बुलाया। आशा ने 102 पर कॉल किया। एंबुलेंस पहुंचने पर महिला को लेकर आशा भाटपाररानी प्रसव केंद्र के लिए जा रही थी। इसी बीच रास्ते में रघुनाथपुर के समीप महिला को प्रसव की तेज पीड़ा होने और महिला के चिल्लाने पर चालक संजय पांडेय ने गाड़ी किनारे खड़ी कर दी। ईएमटी रामायण यादव, चालक तथा आशा ने प्रयास कर कुशलता से महिला को प्रसव कराया। उसके बाद जच्चा-बच्चा को अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया। चिकित्सा प्रभारी डॉ. इमाम हुसैन सिद्दीकी ने बताया कि जच्चा-बच्चा दोनों सही-सलामत हैं। परिजनों ने भी प्रसन्नता व्यक्त की है। संवाद