बघौचघाट (देवरिया)। स्थानीय कस्बे के अहिरौली टोले में कर्ज से परेशान एक ट्रक मालिक ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लोन से गाड़ी लेने के बाद ट्रक मालिक किस्त जमा न कर पाने से परेशान था। वह गाड़ी को खुद ही चलाता भी था। तनाव के चलते उसने फांसी लगा ली। बघौचघाट थाना क्षेत्र के अहिरौली टोला निवासी मिथिलेश प्रसाद (35) पुत्र ध्रुव प्रसाद अपने ट्रक को खुद चलाता था। शनिवार को घर आने के बाद पत्नी से कहा कि खाना जल्दी बना दो गाड़ी लेकर जाना है। खाना बन गया तो बड़ी बेटी छत पर बुलाने गई। वहां देखा कि कमरे में सरिया से अपने गमछे का फंदा बनाकर मिथिलेश ने खुदकुशी कर ली है। बेटी के चिल्लाने की आवाज सुनकर घर के बाकी सदस्य भागकर ऊपर गए। परिजनों ने इसकी सूचना आसपास के लोगों और पुलिस को दी।