बरहज। भलुअनी थाना क्षेत्र के लंगड़ा बाजार के भगवानपुर मोहल्ला निवासी राकेश चौहान की वेनेजुएला जाते समय समुद्री जहाज पर हुई मौत सामान्य नहीं है। राकेश की पत्नी रंजना देवी का कहना है कि उसने पता लगाया है तो वहां इस तरह के 100 से अधिक मामले हैं। यह मामला मानव अंग तस्करी के साथ-साथ बीमा की धनराशि बचाने से जुड़ा है। नियोक्ता कंपनी हार्ट अटैक से मौत होना बताकर बीमा की राशि भी हड़प लेती है।
मुंबई में राकेश चौहान के पिता रामदेव का कारोबार है। जहां पूरा परिवार उनके साथ ही रहता है। राकेश मर्चेंट नेवी में नौकरी करते थे। परिजनों के अनुसार वह पहले विभिन्न कंपनियों के जरिए पानी की जहाज से यात्रा किए थे। वह दूसरी बार एक्सफिनिटी कंपनी की तरफ से वेनेजुएला जा रहे थे। राकेश चालक दल के सदस्य थे। पत्नी रंजना का कहना है कि कम्पनी स्वयं जहाज पर चढ़ने से पहले लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराती है। मेरे पति के जैसे 100 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं।
2021 में शिवम की भी हो चुकी है मौत : गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र के शिवम मलिक की मौत 2021 में राकेश की तरह हो चुकी है। जिनके परिजनों की ओर से एफआईआर भी दर्ज कराया गया था। राकेश की पत्नी रंजना का कहना है कि दो माह बाद भी प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी है। बावजूद भारत सरकार पर भरोसा है। रंजना का कहना है कि शिवम मलिक की एक अक्तूबर 2021 को पानी वाले जहाज पर संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी।