विकास भवन के गांधी सभागार में आयोजित दिशा की बैठक में मंचासीन जनप्रतिनीधि तथा अधिकारी।
- फोटो : DEORIA
जनहित के कार्यों को प्राथमिक आधार पर निपटाएं : सांसद
देवरिया। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सोमवार को विकास भवन के गांधी सभागार में सलेमपुर सांसद रविंद्र कुशवाहा की अध्यक्षता में हुई। इसमें केंद्र व राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा की गई। जनप्रतिनिधियों ने जन सुविधाओं से जुड़े अनेक सुझाव व समस्याओं को रखा। जिसके समाधान के निर्देश समिति की ओर से अधिकारियों को दिए गए।
सांसद रविंद्र कुशवाहा ने कहा कि जनप्रतिनिधि जन सुविधाओं से जुड़ी जो भी समस्या उठाते हैं, उसे अधिकारी गंभीरता से लें और उसका निराकरण कराएं। आगे भी इसी मंशा से अधिकारी समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करें। अधिकारी व जन प्रतिनिधि एक दूसरे के पूरक हैं, उनके समन्वय पूर्ण कार्य से ही जनपद का विकास होगा। सदर सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि बैठक का उद्देश्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि एक जगह बैठ कर संचालित योजनाओं की समीक्षा करें। जहां कोई कमी दिखाई पड़े, उसका निराकरण कराएं। बैठकों में केवल संवाद ही न हो, बल्कि जनहित के मुद्दों पर चर्चा होती रहे। समाधान भी होना चाहिए व जनता तक उसका हित पहुंचना चाहिए।
मनरेगा की समीक्षा के दौरान सलेमपुर सांसद ने पिंडी गांव के बंधे में कुछ भाग अपूर्ण होने की बात रखी। बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता को इसे मनरेगा में शामिल करते हुए कार्य को पूरा करने का निर्देश डीएम ने दिया। रामपुर कारखाना विधायक प्रतिनिधि डॉ. संजीव कुमार शुक्ला ने छोटी गंडक में कुछ कटान स्थलों पर मनरेगा से ठोकर बनाए जाने का प्रस्ताव रखा। डीएम ने इस पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत इस वर्ष कुल 41 नई सड़कें स्वीकृत हुई हैं। सदर सांसद डा. त्रिपाठी ने कहा कि सड़कों का निर्माण शर्तों में पांच वर्ष अवधि मरम्मत के लिए जुड़ी रहती है। ठेकेदारों द्वारा सड़कों की मरम्मत की जाती है, जिससे सड़कें टूट जाती हैं। इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और कार्रवाई भी होनी चाहिए। बांसगांव सांसद प्रतिनिधि ने बरहज से करुअना मार्ग की बदहाली का मामला उठाया। विधायक सुरेश तिवारी ने कहा कि कार्य स्थलों पर संबंधित जेई उपस्थित नहीं रहते हैं, इससे कार्य की गुणवत्ता प्रभावित होती है। सदर विधायक डॉ. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी ने भी कई समस्याओं से अवगत कराया। बैठक में एमएलसी राम सुंदर दास, जिलाधिकारी अमित किशोर, पुलिस अधीक्षक डॉ. श्रीपति मिश्र आदि मौजूद रहे।