देवरिया। कोतवाली क्षेत्र में एक युवक को जन्मदिन पार्टी के बहाने कुछ युवकों ने बुलाकर उस पर हमला कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर दो नामजद और दो अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की है।
परसा बरवा परसिया मल्ल निवासी संदीप कुमार ने तहरीर में कहा है कि 13 अप्रैल की रात करीब 8 बजे गांव के धर्मेन्द्र ने उसे फोन कर पुरवा चौराहे पर बुलाया। वहां पहुंचने पर धर्मेन्द्र ने बताया कि उसे पिपरपाती में एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में जाना है और गाड़ी नहीं है।
उसकी बातों में आकर वह उसके पास पहुंच गया। इसके बाद धर्मेन्द्र अपने साथी राय नामक युवक के साथ उसे भीखमपुर रोड की ओर ले गया। वहां पहले से दो अज्ञात युवक मौजूद थे। आरोप है कि धर्मेन्द्र फोन पर बात करते हुए चला गया, तभी तीनों संदीप को गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी।
संदीप ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे खींचकर पास की चहारदीवारी के अंदर ले जाकर पहले से रखे लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। कोतवाल राकेश कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद