बलिया का रहने वाला था युवक, मोबाइल से हुआ शव का शिनाख्त
संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। दो वर्षों से यार्ड में खड़ी मालगाड़ी के डिब्बे में एक युवक का शव मिला। पॉकेट से मिले मोबाइल से जीआरपी ने शव की शिनाख्त की। बलिया जिले के परिवारीजनों ने बताया कि युवक नशे का आदी था। 4 मई को परिजनों से विवाद के बाद गायब हो गया था। भटनी रेलवे स्टेशन के यार्ड में करीब दो साल से मालगाड़ी के कुछ डिब्बे खड़े हैं। सोमवार शाम डिब्बे से बदबू आने पर लोगों ने इसकी जानकारी जीआरपी को दी। मौके पर पहुंची जीआरपी शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त में जुट गई। मृतक के पॉकेट से मिले बंद मोबाइल को पुलिस ने चार्ज में लगाया तो कुछ देर बाद परिजनों का फोन आया। जिससे उसकी पहचान गणेश प्रसाद (40) निवासी नगरा, बलिया के रूप में की गई। कुछ घंटों बाद परिजनों ने भटनी पहुंचकर शव की शिनाख्त की। उन्होंने बताया कि गणेश नशे का आदी था। 4 मई को शराब पीने से रोकने पर परिजनों से विवाद के बाद वह घर से अचानक गायब हो गया। तभी से घर वाले उसे ढूंढ रहे थे। एसओ जीआरपी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि यार्ड में खड़ी मालगाड़ी के डिब्बे में युवक का शव मिला है। शव की शिनाख्त के बाद मामले की जांच की जा है।