पुलिस के अनुसार बीमारी से हुई मौत
लार रोड। रेलवे स्टेशन परिसर में मंगलवार सुबह क्षेत्र के चर्चित कम्युनिस्ट नेता का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, परिजनों ने बताया कि वह दमा के मरीज थे और अक्सर उनकी तबीयत खराब रहती थी।
थाना क्षेत्र के इटहुरा मिश्र गांव निवासी पूर्णमासी कुशवाहा (50) वर्ष कम्युनिस्ट पार्टी के नेता थे । मंगलवार की सुबह उनका शव रेलवे स्टेशन परिसर में बने दुर्गा माता के मंदिर के पीछे पड़ा था। स्टेशन परिसर में शव मिलने पर सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मईल पुलिस व भटनी रेलवे पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोनों टीमों ने गहन जांच की। मईल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूर्णमासी कुशवाहा का शव मिलने से मौके पर भीड़ इक्कट्ठी हो गई। उनके भाई ध्रुव कुशवाहा ने पुलिस को तहरीर दी है। एसओ संदीप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम में प्रथम दृष्टया बीमारी से मौत की बात सामने आई है। परिजन भी बता रहे हैं कि वह दमा के मरीज थे। उधर क्षेत्र के कम्युनिस्ट नेता प्रेम चंद्र यादव, सतीश कुमार ने पुलिस से मामले की जांच की मांग की है।