एक दिन पहले बाइक अपने नाम ट्रांसफर कराने गए एक व्यक्ति का शव सुरौली थाना क्षेत्र के पैकौली गांव के पास बुधवार को सड़क के किनारे मिला। मृत व्यक्ति की पहचान पाकेट से मिले आधार कार्ड के जरिए हुई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सुरौली थाना क्षेत्र के यदु परसिया गांव निवासी वशिष्ठ शुक्ला (50 वर्ष) ने बाइक खरीदी थी। जिससे उन्होंने बाइक खरीदी थी, मंगलवार को उसके साथ एआरटीओ कार्यालय गए थे। शाम होने पर घर नहीं पहुंचे तो परिवार के लोगों ने मोबाइल फोन पर नंबर डायल किया। फोन ऑफ था। बुधवार की सुबह वशिष्ठ का शव पैकौली में सड़क के किनारे मिला।
पॉकेट में गाड़ी की चाबी और आधार कार्ड था। इससे मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने उनकी पहचान की। वह पूजा-पाठ कराते थे। पत्नी मंजू देवी रो-रो कर बेहोश हो जा रही थीं। उनकी एक बेटी और एक पुत्र श्रीप्रकाश शुक्ला है। एसओ दिलीप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का पता चल सकेगा। अभी परिजन ने किसी पर आरोप नहीं लगाया है।