कमरे में कुंडे के सहारे लटका मिला शव
लार। थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में कमरे में कुंडे के सहारे एक व्यक्ति का शव लटका देख परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को उतरवाया। परिजनों की मांग पर पंचनामा करा सौंप दिया।
लार थाना क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी वेदप्रकाश सिंह (48) खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। शुक्रवार की दोपहर में भूसा रखने वाले टिनशेड के कमरे में उनका शव कुंडे से लटकता मिला। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंच गए। लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को फोन कर दी। पुलिस ने शव को उतरवाया और कमरे की तलाशी ली। परिजनों के पोस्टमार्टम कराने से इन्कार करने पर पंचनामा कर शव को सुपुर्द कर दिया। पिता की मौत से बेटा शशांक बदहवास है। वहीं बेटी को पड़ोस की महिलाएं ढांढस बंधा रही हैं। पत्नी की मौत लगभग पांच वर्ष पूर्व हो चुकी है। प्रभारी निरीक्षक बरजोर सिंह ने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर गई थी। बेटे शशांक व बेटी ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। उनके अनुरोध पर पंचनामा कर शव को उन्हें सौंप दिया गया है।
पहले मां, अब पिता का भी उठा साया
लार। वेदप्रकाश की पत्नी का निधन लगभग पांच वर्ष पूर्व हुआ था। वह बेटा-बेटी की परवरिश कर रहे थे। दोनों को कभी मां की कमी का एहसास नहीं होने दिया। अचानक शशांक दोपहर में घर पहुंचा तो पिता के शव को कमरे के कुंडे से लटका देख सन्न रह गया। कुछ पल बाद लिपट कर रोने लगा। मौजूद लोग यही कह रहे थे की पहले मां अब पिता का भी साया बच्चों से छीन गया।