रुद्रपुर में कोतवाली के समीप झोपड़ी में लगी आग।
- फोटो : अमर उजाला
पड़री बाजार। एक घर में आग लगने से शादी के लिए रखा गया लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग की घटना के बाद घर में अफरातफरी मच गई। गांववालों की मदद से आग पर काबू पाया गया। खुखुंदू थाना के कम्हरिया गांव निवासी गोरख प्रसाद की बेटी की बारात शुक्रवार को आने वाली थी। बेटी की विदाई के लिए झोपड़ी में पलंग, मेज, कुर्सी, टीवी आदि सामान रखा गया था।
अचानक दोपहर में झोपड़ी में आग पकड़ लिया। अभी लोग कुछ समझ पाते कि आग फैल गई और झोपड़ी में रखा शादी का सभी सामान जल गया। पड़ोस के ओमप्रकाश की झोपड़ी में इसकी जद में आ गई।
गोरख प्रसाद मजदूरी करते हैं। गोरख ने बेटी की शादी के लिए काफी परिश्रम से सामानों की खरीदारी की थी। गोरख की मानें तो एक लाख से अधिक रुपये का नुकसान हुआ है। लोगों ने तहसील प्रशासन से आर्थिक मदद की मांग की है।
रुद्रपुर में आग से अफरातफरी
रुद्रपुर। कोतवाली के समीप आग लगने से मुख्य बाजार पर अफरातफरी मच गई। आग की लपटों को देख बाजार के लोग बुझाने में जुट गए। घटना में एक गाय झुलस गई। शुक्रवार को दिन में करीब पांच बजे कोतवाली के सामने गोपी चौरसिया के झोपड़ी में आग लग गई। आग लगने के कारण का पता नहीं चल पाया। घनी आबादी के बीच लगी आग को देख लोग बुझाने में जुट गए। पुलिस वाले भी दौड़ पड़े। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग से पीड़ित का अनाज, घर-गृहस्थी का सामान जल गया।