तरकुलवा। बघौचघाट थाना क्षेत्र के कोटवा गांव से बिहार के गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र के पटोहवा गांव में गई बरात में तरकुलवा थाना क्षेत्र के सिसवा टोला फरनहा निवासी नाच पार्टी के नर्तक सोनू गोंड की बदमाशों ने बृहस्पतिवार की रात में गोली मारकर हत्या कर दी।
आरोप है कि बदमाश पहले उसे भोजपुरी के एक गाने पर नचाने का प्रयास कर रहे थे, नहीं मानने पर मंच से खींच लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने उसके पेट में गोली मार दी। अस्पताल ले जाते समय सोनू की मौत हो गई।
इस मामले में चार आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार, बघौचघाट थाना क्षेत्र के कोटवा गांव से बरात गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र के जमुनहा के पटोहवा गांव में महेंद्र कुशवाहा के घर गई थी। उनकी बेटी की शादी थी। बरातियों के लिए रामायण यादव के ड्रामा पार्टी की बुकिंग थी।
इसमें तरकुलवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिसवा के फरहान टोला निवासी सोनू गोंड (32) बतौर नर्तक (डांसर) गया था। दो-तीन प्रोग्राम के बाद सोनू स्टेज के पास बने एरिया में आकर बैठा था। इसी दौरान कार्यक्रम देख रहे कुछ लोग सोनू के पास पहुंचे और फरमाइशी गानों पर डांस के लिए कहने लगे।
सोनू ने मना किया तो मंच से खींचने लगे। सोनू ने इसका विरोध किया तो नाराज लोगों ने तमंचे से उसके पेट में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ मच गई।
दो साल पहले सोनू के पिता की तालाब में डूबने से हुई थी मौत : गांव वाले बताते हैं कि दो साल पहले सोनू के पिता उमेश गोंड की तालाब में डूबने से मौत हो गई थी। कुछ साल पूर्व मां का भी निधन हो चुका है। माता-पिता की मौत के बाद सोनू अपने घर का एकमात्र कमाऊ सदस्य था।
उसके परिवार में पत्नी सुनीता देवी, बेटियां अर्पिता (10), सोनाक्षी (8) एवं शिवम (6) हैं। वह करीब छह साल से अलग-अलग नाच पार्टियों में डांसर का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था।