गोरखपुर से मुंबई को जाने वाली दादर एक्सप्रेस के इंजन बैतालपुर रेलवे स्टेशन पर फेल हो गया। इससे वह ढाई घंटे से भी अधिक समय तक यहां रुकी रही। विलंब होने पर इस ट्रेन से प्रतियोगी परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों ने हंगामा कर दिया। स्टेशन अधीक्षक की सूचना पर कंट्रोल रूम ने गोरखपुर से दूसरा इंजन मंगाकर ट्रेन को रवाना कराया।
रविवार की सुबह दादर एक्सप्रेस अपने नियत समय से करीब एक घंटे की देरी से चल रही थी। ट्रेन 07.25 बजे जैसे ही बैतालपुर रेलवे स्टेशन पहुंची उसके इंजन का पॉवर फेल हो गया और वह स्टेशन पर खड़ी हो गई। इस ट्रेन में अधिक संख्या में मऊ और बलिया जिले में लेखपाल परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थी भी शामिल थे।
जब काफी देर तक ट्रेन खड़ी रही तो अभ्यर्थी कारण जानने के लिए ट्रेन से उतर गए। जैसे ही इंजन फेल होने की जानकारी उन्हें हुई वे उग्र हो गए। इंजन के पास और स्टेशन पर पहुंच कर अभ्यर्थी हंगामा करने लगे। बैतालपुर के स्टेशन अधीक्षक ने मामले की जानकारी वाराणसी कंट्रोल रूम को दी।
इसके बाद कंट्रोल रूम ने गोरखपुर से संपर्क साधा और दूसरे इंजन की व्यवस्था की गई। करीब साढ़े नौ बजे दूसरा इंजन बैतालपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा और ट्रेन को लेकर देवरिया के लिए रवाना हुआ। देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर यह ट्रेन 9:55 बजे पहुंची।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी संजय यादव ने बताया कि बैतालपुर रेलवेे स्टेशन पर दादर एक्सप्रेस का इंजन फेल हो गया था। सूचना के बाद दूसरा इंजन भेजकर ट्रेन को रवाना किया गया। इसके चलते ट्रेन करीब ढाई घंटे विलंब हुई।