खुखुंदू। थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव के पास रविवार रात सड़क हादसे में घायल साइकिल सवार मजदूर की मेडिकल कॉलेज देवरिया में इलाज के दौरान मौत हो गई। रात में गांव के मोड़ पर मजदूर को एक कार ने मजदूरी कर घर लौटते समय टक्कर मार दी थी। डाॅक्टर ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया था, परिजन ले जाने की तैयारी में थे तब तक मजदूर ने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद जैसे शव गांव पहुंचा पत्नी और बच्चे दहाड़े मारकर रोने लगे। खुखुंदू थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव निवासी श्रीकांत प्रसाद (40) मुसैला चौराहे के तरफ रविवार को मजदूरी करने गया था। काम देरी से खत्म होने के बाद वह बाजार कर रात में घर आ रहा था। साइकिल लेकर श्रीकांत अभी देवरिया-सलेमपुर फोरलेन पर गांव के मोड़ पर ही पहुंचा था कि देवरिया के तरफ से तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने उसके साइकिल में तेज टक्कर मार दी। संवाद