बाइक की चपेट से साइकिल सवार की मौत
लार-सलेमपुर मार्ग पर सहजौर चौराहे पर हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
लार। लार-सलेमपुर मार्ग पर सहजौर चौराहा के समीप बाइक ने पीछे से साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार वृद्ध मौके पर ही गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने एंबुलेंस से सीएचसी लार पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लार थाना क्षेत्र के मटियारा जगदीश गांव निवासी पंचानंद कुशवाहा सोमवार को किसी काम से सलेमपुर जा रहे थे। वह लार-सलेमपुर मार्ग पर सहजौर चौराहा के समीप पहुंचे थे कि बाइक सवार ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह मौके पर ही गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बाइक सवार भाग निकला। वहां मौजूद लोगों ने एंबुलेंस से घायलवस्था में सीएचसी लार पहुंचाया, जहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। देर शाम इलाज के दौरान वृद्ध की जिला अस्पताल में मौत हो गई। मृतक को दो बेटे धर्मेंद्र, देवेंद्र तथा पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक टीजे सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।