सलेमपुर।कैश की कमी से बैंकों की लड़खड़ाई व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रहा है। पंजाब नेशनल बैंक पर पहुंचे लोगों ने ‘नो कैश’ का बोर्ड देख भड़क गए और कर्मचारियों को खरी-खोटी सुनाई। बाद में पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। भारतीय स्टेशन बैंक सलेमपुर सहित लार, रोपनछपरा, चकरा गोसाई, पुरैना समेत कई बैंक शाखाएं कैश की कमी से कई दिनों से जूझ रही हैं।
बैंककर्मियों की भी परेशानी बढ़ गई है। करीब 15 दिनों से बैंकों में कैश की कमी चल रही है। हालत सुधरने के बजाए दिन प्रतिदिन बिगड़ते जा रहे हैं। इसकी वजह से बैंक पहुंच रहे लोगों और कर्मचारियों के बीच कहासुनी हो रही है। लग्न का समय होने के कारण सर्वाधिक दिक्कत लोगों को हो रही है।
गुरुवार को पंजाब नेशनल बैंक पर सुबह नौ बजे लोग पहुंच गए। जब बैैंक खुला तो कर्मचारियों ने नो कैश का बोर्ड लगा दिया। यह देख महिलाएं नाराज हो गई और कर्मचारियों पर मनमानी का आरोप लगाने लगी।
शोर सुनकर पहुंचे पुलिसवालों ने लोगों की बात सुनी और बैंक मैनेजर से बात करने के बाद लोगों को शांत कराया। कैश आने की उम्मीद में दोपहर तक लोग बैंक के अंदर बैठे रहे। वहीं एसबीआई सलेमपुर के मुख्य शाखा में भी तीन दिनों से कैश नहीं है। इस बाबत एसबीआई के चीफ मैनेजर युवराज सिंह ने बताया कि कैश नहीं होने से कई ब्रांचों में कार्य ठप है। इसकी जानकारी विभागीय उच्चाधिकारियों को दी गई है।