रामपुर कारखाना। एक महिला ने अपने ससुर पर दुष्कर्म का सनसनीखेज आरोप लगाया है। आरोप है कि विदाई कराने आए ससुर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। मामला दस दिन पहले का है। तहरीर के आधार पर रामपुर कारखाना पुलिस ने गुरुवार की देरशाम ससुर पर केस दर्ज कर लिया।
रामपुर कारखाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला की शादी बनकटा थानाक्षेत्र के एक गांव में हुई है। शादी के कुछ दिन बाद महिला का ससुराल में विवाद शुरू हो गया। पति के विदेश जाते ही महिला मायके चली आई। ससुराल वालों ने कई बार महिला को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी।
दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई। जिसके बाद महिला को ससुराल पक्ष से खर्चा मिलने लगा। पंचायत की शर्तों के अनुसार दस दिन पहले विवाहिता का ससुर उसे बुलाने मायके पहुंचा। इस दौरान विदाई को लेकर अनबन भी हुई।
विवाहिता का आरोप है कि इसी दौरान घर में अकेला पाकर ससुर ने उससे दुष्कर्म किया। तहरीर के बाद प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध मिला। लेकिन पीड़िता ने अधिकारियों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। बाद में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
एसओ रामपुर कारखाना मृत्युंजय पाठक ने बताया कि आरोपी ससुर के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।