पुलिस की मौजूदगी में ट्रैक्टर में लगी आग बुझाते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
करौंदी बाजार। वर्चश्व को लेकर मनबढ़ों ने पुलिस के सामने गांव में जमकर उत्पात मचाया। घटना तरकुलवा थानाक्षेत्र के रामपुर अवस्थी गांव की है। पुलिस के सामने दबंगों ने दस लोगों को घायल कर दिया। बिहार इलाके में खेत की जुताई में लगे ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया और बाइक तोड़ दी।
तरकुलवा पुलिस तमाशा देखती रही। दो घंटे तक तांडव चलता रहा। सीओ जब फोर्स के साथ पहुंचे तब जाकर मामला शांत हुआ। तरकुलवा इलाके के रामपुर अवस्थी गांव में वर्चश्व को लेकर लंबे समय से दो पक्षों के बीच टकराव होता रहा है।
इधर जमीन को लेकर दिलीप सिंह और जीउत के बीच विवाद चल रहा है। दिलीप सिंह के पट्टीदार जीउत पक्ष के साथ थे। गुरुवार को विवादित जमीन पर जीउत पक्ष के लोग काम कर रहे थे। दिलीप सिंह के पक्ष ने मना किया तो मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस बात की जानकारी होने पर दिलीप सिंह के धुर विरोधी प्रधान देवेश सिंह, रजनीश सिंह पक्ष के कई लोग लामबंद होकर पहुंच गए।
किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। तरकुलवा पुलिस फोर्स के साथ पहुंची लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने दिलीप सिंह के दरवाजे पर धावा बाला दिया। पुलिस के सामने तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसमें दिलीप सिंह, पिंटू सिंह, सुनैना सिंह, विशाल सहित दस लोग घायल हो गए। पुलिस की मौजूदगी में कुछ लोगों ने बाइक तोड़ दी। बिहार बॉर्डर पर खेत की जुताई में लगा पिंटू सिंह के ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया गया। विवाद के बाद तरकुलवा इंस्पेक्टर राजाराम यादव बेबस नजर आए।
हालत बेकाबू देख उन्होंने घटना की सूचना सीओ को दी। सीओ मयफोर्स रामपुर कारखाना थानेदार के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाई गई। तरकुलवा इंस्पेक्टर राजाराम यादव ने बताया कि विवाद में कुछ लोग बिहार से आए थे। उनकी तलाश की जा रही है। दोनों पक्ष के लोग मारपीट, तोड़फोड़ और आगजनी की बात कह रहे हैं। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।