तालाब में डूबने से आरिफ अंसारी की मौत के बाद गम में डूबे घर वाले
- फोटो : अमर उजाला
सलेमपुर (देवरिया)। सोहनाग स्थित तालाब में स्नान करने गए दो छात्रों की डूबने से मौत हो गई। दोनों दोस्त थे, एक ही कक्षा में पढ़ते थे और तैरना नहीं जानते थे। हादसे के बाद परिवारवाले दोनों के शव को लेकर घर चले गए।
परिवारवालों ने शवों का पीएम कराने से इंकार करते हुए दफना दिया। कोतवाली क्षेत्र के सोहनाग धाम तालाब में प्रत्येक दिन इलाके के युवक स्नान करने के लिए आते हैं। तिलौली गांव निवासी आरिफ (18) और लोहरा बभनौली निवासी जलालुद्दीन (17) एसके इंटर कॉलेज तिलौली में कक्षा 11वीं के छात्र थे।
रविवार दोपहर को आरिफ और जलालुद्दीन अपने दो अन्य सहपाठियों के साथ तालाब में स्नान करने गए थे। स्नान करते समय अचानक दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दोनों को डूबता देख साथियों ने शोर मचाया।
शोर सुनकर लोग तालाब की तरफ दौड़ पड़े। तबतक दोनों तालाब में डूब गए। काफी प्रयास के बाद उन्हें बाहर निकाला जा सका। लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। छात्रों की मौत की खबर मिलते ही दोनों गांव के लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना के बाद दोनों छात्रों के गांवों में मातम का माहौल हो गया। युवकों की मौत से गांव में मातम छा गया। प्रभारी कोतवाल अशोक यादव ने बताया कि तालाब में डूबने से दोनों की मौत हुई है। परिवार वालों ने शवों का पीएम कराने से इंकार कर दिया है।